कैसा है ये भांग का अर्क़: दवा या दारू?
वेप ऑयल, दर्द-निवारक क्रीम, पैच , मिठाइयां, कैप्सूल और दूसरे कई यौगिक- अमरीका में आप इनके नाम लीजिए और ये हाज़िर हो जाएंगे. भांग की पत्तियों के रस से निकाले जाने वाले कैनबिडियॉल, जिसे सीबीडी (CBD) के नाम से जाना जाता है, से बनाए गए उत्पाद हर जगह मिलते हैं. इनसे सभी तरह की बीमारियों के इलाज का दावा किया जाता है. मांसपेशियों के दर्द और घबराहट से लेकर जोड़ों के दर्द, मिरगी और तनाव से पैदा होने वाली बीमारियों में इनका इस्तेमाल हो रहा है. सीबीडी मार्केट रिसर्च कंपनी ब्राइटफ़ील्ड का अनुमान है कि अगले साल तक इसका बाज़ार 5.7 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा. 2022 तक यह 22 अरब डॉलर हो जाएगा. ब्राइटफ़ील्ड की रिसर्च डायरेक्टर बेथनी गोमेज़ कहती हैं कि इस क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी चार्लोट्स वेब होल्डिंग्स 2016-17 में 172 फ़ीसद की दर से बढ़ी. 2018 में यह 8.9 करोड़ डॉलर मुनाफ़ा कमाने की राह पर है. सॉफ्ट ड्रिंक्स बनाने वाली कंपनी कोका-कोला ने कहा है कि वह वेलनेस पेय की एक सामग्री के रूप में ग़ैर-साइकोएक्टिव सीबीडी पर बारीकी से नज़र रख रही है. इस पर और टिप्पणी करने के बीबीसी कैपिटल के अनुरोध का उत...